कोरबा। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर 24 नवंबर को कोरबा में हसदेव महाआरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। नमामि हसदेव सेवा समिति की ओर से आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम शाम 5 बजे मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर दीदी मां साध्वी प्रज्ञा भारती के सानिध्य में संपन्न होगा। आयोजन में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य यजमान के रूप में शामिल होंगे।
महाआरती में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय मंत्री राधेश्याम जायसवाल और छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र पाण्डेय विशिष्ट यजमान के रूप में शामिल होंगे। इनके अलावा विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी भी आयोजन में सहभागिता करेंगे।
नमामि हसदेव सेवा समिति लंबे समय से हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए काम कर रही है। समिति का उद्देश्य जल स्रोतों में प्रदूषण कम करना, नदियों की स्वच्छता बनाए रखना और उनके तटों का सौंदर्यीकरण करना है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक पूर्णिमा पर मां सर्वमंगला मंदिर घाट में शाम 5 बजे हसदेव आरती आयोजित की जाती है। इस बार कार्तिक पूर्णिमा के विशेष अवसर पर महाआरती के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा।
समिति का कहना है कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि समाज, पर्यावरण और जनजीवन का आधार हैं। हसदेव नदी और उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखना पूरे क्षेत्र के लिए जरूरी है। समिति ने श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों से परिवार सहित महाआरती में शामिल होने तथा नदी संरक्षण के अभियान में सहयोग देने की अपील की है।
