शुकदेव जन्म, सृष्टि वर्णन और राजा परीक्षित के जन्म की कथा सुन भावविभोर हुए भक्त
भाटापारा। धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के वातावरण में नगर भाटापारा में आयोजित आठ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति की अविरल धारा बही। कथावाचक भागवत भूषण आचार्य पं. मनोज दुबे ने श्री शुकदेव जन्म, सृष्टि वर्णन, भक्त ध्रुव के चरित्र एवं राजा परीक्षित के जन्म के प्रसंगों का संगीतमय और भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान भक्ति गीतों और मधुर भजनों की प्रस्तुति ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया कि श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमने लगे।
आचार्य पं. मनोज दुबे ने शुकदेव जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि शुकदेव जी का संपूर्ण जीवन वैराग्य, ज्ञान और ब्रह्मनिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने सांसारिक मोह-माया से दूर रहकर आत्मज्ञान और परमात्मा की प्राप्ति को जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य माना। इसके पश्चात सृष्टि की उत्पत्ति, पालन और संहार के माध्यम से भगवान की व्यापक सत्ता एवं सृजन शक्ति का विस्तार से वर्णन किया।
कथा के प्रमुख प्रसंग भक्त ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए आचार्य ने बताया कि बालक ध्रुव ने अपमान और उपेक्षा से आहत होकर भी निराशा को अपने जीवन पर हावी नहीं होने दिया। माता सुनीति के मार्गदर्शन से उन्होंने भगवान श्रीहरि की प्राप्ति का संकल्प लिया और कठोर तपस्या में लीन हो गए। उनकी अटूट श्रद्धा, दृढ़ निश्चय और निष्काम भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने उन्हें दर्शन दिए तथा ध्रुव पद प्रदान किया। यह प्रसंग संदेश देता है कि सच्ची श्रद्धा, धैर्य और दृढ़ संकल्प के सामने कठिन से कठिन परिस्थिति भी बाधा नहीं बन सकती।
वहीं राजा परीक्षित के जन्म प्रसंग में भगवान श्रीकृष्ण की कृपा और भक्तों की रक्षा के लिए उनकी प्रतिज्ञा का भावपूर्ण वर्णन किया गया। आचार्य ने बताया कि अश्वत्थामा के ब्रह्मास्त्र से उत्तरा के गर्भ में पल रहे बालक की रक्षा स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने की थी। यही बालक आगे चलकर राजा परीक्षित कहलाए, जिन्हें शुकदेव जी के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा सुनने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ।
उल्लेखनीय है कि स्व. वेदप्रकाश पटेल की वार्षिक श्राद्ध एवं पूर्वजों की मोक्ष प्राप्ति की कामना से आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान 22 से 29 नवंबर 2026 तक चल रहा है। कथा का शुभारंभ कलश यात्रा, वेदी पूजन एवं गौकर्ण कथा के साथ हुआ। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक निज निवास में निर्मित भव्य पंडाल में कथा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजक परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा श्रवण का पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है।

