नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में दो प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गी। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1690.23 अंक या 2.25 प्रतिशत गिरकर 73,583.22 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 486.85 अंक या 2.09 प्रतिशत गिरकर 22,819.60 पर बंद हुआ। आपको बता दें की अनुसंधान विश्लेषक और लिवेलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक हरिप्रसाद के ने कहा कि वैश्विक बाजार में जोखिम से बचने का माहौल साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। अमेरिकी बाजारों में भारी बिकवाली का दबाव देखने को मिला, नैस्डैक कंपोजिट 2.4 प्रतिशत गिरकर करेक्शन ज़ोन में प्रवेश कर गया और अब अपने हालिया उच्चतम स्तर से 10 प्रतिशत से अधिक नीचे कारोबार कर रहा है। डाउ जोन्स 400 से अधिक अंक गिर गया, जबकि एसएंडपी 500 में 1.7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जो पश्चिम एशिया संघर्ष के बढ़ने के बाद से एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट है। यह दर्शाता है कि निवेशकों की चिंताएं अब अल्पकालिक अस्थिरता से परे गहरी होती जा रही हैं और व्यापक मैक्रो जोखिमों को प्रतिबिंबित करना शुरू कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस बदलाव का मुख्य कारण अमेरिका-ईरान संघर्ष को सुलझाने में सार्थक प्रगति का अभाव है। हरिप्रसाद ने आगे कहा कि कच्चे तेल की कीमतें एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं, जिससे वैश्विक स्तर पर मुद्रास्फीति संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। भारत के लिए यह विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह कच्चे तेल के आयात पर अत्यधिक निर्भर है। ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक फर्म एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि अमेरिका-ईरान संघर्ष एक प्रमुख चिंता का विषय बना हुआ है। हालांकि बीच-बीच में तनाव कम होने के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन फिर से तनाव बढ़ने का खतरा बना हुआ है, जिससे बाजार भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील बने हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि ब्रेंट क्रूड की कीमतें ऊंची और अस्थिर बनी हुई हैं, जो 100-107 अमेरिकी डॉलर के दायरे में घूम रही हैं, जिससे एक बार फिर मुद्रास्फीति, इनपुट लागत और व्यापक मैक्रो दबावों को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। वहीं पोनमुडी ने आगे कहा कि पश्चिम एशिया में गहराते संघर्ष के कारण जारी अनिश्चितता ने वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने का माहौल फिर से पैदा कर दिया है, जिसके चलते अमेरिकी शेयर बाजार रात भर में काफी नीचे बंद हुए।
