रायपुर। पूर्व सांसद और वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय पैर में चोट लगने के कारण चलने-फिरने में परेशानी का सामना कर रहे थे। उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उन्हें अपने साथ हेलिकॉप्टर से रायपुर लेकर आए। यहां उन्हें बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को पत्रकारों से चर्चा में बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई थी। रविवार को जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री को उनके निवास के पास आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। इस दौरान रात में वे नंदकुमार साय से मिलने उनके घर पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पैर में चोट के कारण नंदकुमार साय को चलने-फिरने में तकलीफ हो रही थी। सोमवार को उन्हें रायपुर आना था, इसलिए उन्होंने नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलिकॉप्टर से रायपुर लाने का निर्णय लिया, ताकि उन्हें यात्रा में असुविधा न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री के अनुसार, उनके उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।
