राज्यपाल रमेन डेका बोले- घरेलू हिंसा को सामान्य घटना समझकर न करें नजरअंदाज

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा गंभीर सामाजिक समस्याएं हैं। इन पर रोक लगाने के लिए कानूनों का सख्ती से पालन, संबंधित एजेंसियों की सक्रियता और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। घरेलू हिंसा को किसी भी स्थिति में सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों का निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से निराकरण होना चाहिए। राज्यपाल रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की ओर से आयोजित मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषयक प्रशिक्षण सह कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

राज्यपाल ने कहा कि मानव तस्करी अब खतरनाक रूप ले चुकी है। इसका संबंध केवल लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने से नहीं है, बल्कि मानव अंगों की मांग के कारण भी ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इस समस्या से निपटने के लिए कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा पहले भी होती थी और आज भी जारी है। अशिक्षा और बेरोजगारी जैसी परिस्थितियां इस समस्या को बढ़ा सकती हैं। इसका शिकार केवल गृहिणियां ही नहीं, बल्कि कामकाजी महिलाएं भी होती हैं।

डेका ने कहा कि घरेलू हिंसा का असर व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। इसे रोकने के लिए सामाजिक जागरूकता के साथ परिवार के नैतिक मूल्यों और सकारात्मक वातावरण को मजबूत करना जरूरी है। पारिवारिक या मनोवैज्ञानिक समस्याओं से जुड़े मामलों में उचित काउंसलिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस, न्यायपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया। राज्यपाल ने मीडिया को जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि कार्यशाला में होने वाली चर्चा और उससे निकलने वाले सुझावों को जमीन पर लागू किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के साथ मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने घरेलू हिंसा के मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी बताई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित राज्य महिला आयोग की सदस्य, पुलिस, न्यायपालिका और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।