रायपुर। रायपुर से मुंबई जा रही फ्लाइट में यात्रियों को उस समय खास सरप्राइज मिला, जब मशहूर बॉलीवुड गायक सोनू निगम ने विमान के भीतर अपनी आवाज का जादू बिखेरा। यात्रियों की फरमाइश पर उन्होंने अपने लोकप्रिय गाने सुनाए। इस दौरान विमान का माहौल संगीतमय हो गया। सोनू निगम के इस खास अंदाज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, सोनू निगम रायपुर से मुंबई लौट रहे थे। इसी दौरान फ्लाइट में मौजूद यात्रियों ने उनसे अपने पसंदीदा गाने सुनाने का अनुरोध किया। गायक ने भी अपने प्रशंसकों की इच्छा पूरी करते हुए ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’ और ‘बिजुरिया’ जैसे लोकप्रिय गाने गाए। अचानक मिले इस म्यूजिकल सरप्राइज से यात्री काफी उत्साहित नजर आए। कई लोग उनके साथ गुनगुनाते भी दिखाई दिए।
बता दें कि सोनू निगम रायपुर में आयोजित रायपुर एम्स के ओरियाना फेस्ट में लाइव परफॉर्मेंस देने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुंबई वापसी के दौरान उन्होंने विमान में यात्रियों को संगीत से जुड़ा यादगार पल दे दिया। अब इस अनोखे म्यूजिकल मोमेंट का वीडियो इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
