दिल्ली में दौड़ेंगी 100 नई इलेक्ट्रिक बसें, CM रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी; बिहार के 7 शहरों तक शुरू होगी बस सेवा

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान आनंद विहार अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) से उत्तर प्रदेश के हापुड़ के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा की भी शुरुआत की गई। सरकार का उद्देश्य दिल्ली और आसपास के राज्यों के बीच बेहतर, सुविधाजनक और प्रदूषण मुक्त परिवहन व्यवस्था विकसित करना है।

जल्द बिहार के लिए भी शुरू होगी बस सेवा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार जल्द ही बिहार के लिए भी बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है। इससे दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों को अपने गृह राज्य आने-जाने में आसानी होगी। परिवहन विभाग की योजना के तहत बिहार के सात शहरों को दिल्ली से जोड़ने के लिए 50 से अधिक वातानुकूलित लग्जरी बसें चलाने का प्रस्ताव है।

पटना, गया समेत 7 शहरों को मिलेगा फायदा
प्रस्तावित योजना के तहत दिल्ली से बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर समेत सात स्थानों के लिए बसें चलाई जाएंगी। परिवहन मंत्री पंकज सिंह के मुताबिक, बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव मंजूरी के लिए उपराज्यपाल के पास भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद परिचालन शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

दिल्ली में 7,088 बसें, 5,338 इलेक्ट्रिक
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में वर्तमान में कुल 7,088 बसें संचालित हो रही हैं, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इनमें 5,338 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नई 100 इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028-29 तक दिल्ली में बसों की संख्या बढ़ाकर करीब 14 हजार करना है।

सरकारी वाहनों को भी इलेक्ट्रिक बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार अपने सरकारी वाहनों को भी धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए नए इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य परिवहन व्यवस्था में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़ाकर प्रदूषण को कम करना है। वहीं, आनंद विहार ISBT से हापुड़ के बीच शुरू हुई इलेक्ट्रिक बस सेवा से दिल्ली, गाजियाबाद और हापुड़ के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।