बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवतराई जंगल में एक निजी रिसॉर्ट के समीप युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम शिवतराई जंगल के सुनसान इलाके में स्थानीय लोगों की नजर एक जली हुई मोटरसाइकिल पर पड़ी। संदेह होने पर आसपास देखने के दौरान कुछ दूरी पर युवक का अधजला शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
जायसवाल-राहुल की शतकीय साझेदारी से भारत की शानदार वापसी, न्यूजीलैंड को दिया करारा जवाब
बताया गया है कि सूचना मिलने तक शाम ढल चुकी थी और जंगल में अंधेरा होने के कारण घटनास्थल की विस्तृत जांच नहीं की जा सकी। पुलिस ने प्रारंभिक स्तर पर फोटोग्राफी कर घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया, लेकिन पर्याप्त रोशनी नहीं होने से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी नहीं कर सकी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को तत्काल सक्रिय किया। उनके निर्देश पर टीम ने देर रात तक शिवतराई और आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल की। इस दौरान स्थानीय लोगों से अलग-अलग स्तर पर पूछताछ कर युवक की पहचान और घटना से जुड़ी परिस्थितियों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। हालांकि, प्रारंभिक जांच में पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
निर्बाध उपचार के लिए हर जरूरतमंद का बनेगा आयुष्मान कार्ड : सीएम योगी
पुलिस के सामने फिलहाल मृतक की शिनाख्त करना सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद पहचान मिटाने तथा अपराध से जुड़े साक्ष्य नष्ट करने के लिए पेट्रोल डालकर शव और मोटरसाइकिल को जलाया गया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है। पुलिस की टीम शुक्रवार को दोबारा घटनास्थल पहुंचकर विस्तृत जांच करेगी। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए स्निफर डॉग की भी मदद ली जाएगी। पुलिस मृतक की पहचान स्थापित करने और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के प्रयास में जुटी हुई है।
