गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र की मौत के मामले में भाजपा सांसद रवि किशन ने नाराजगी जताई है। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि चुनावी उत्साह और उन्माद में एक मासूम का भविष्य कुचल दिया गया। बच्चा किसी भी परिवार का हो सकता था, ऐसी राजनीति नहीं होनी चाहिए। बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत में रवि किशन ने कहा कि मृतक छात्र पढ़ाई में होनहार था और अपने माता-पिता के साथ रहता था। उसके पिता भाजपा कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपना एक होनहार बच्चा खो दिया है। यह सिर्फ एक परिवार का नुकसान नहीं, बल्कि एक बच्चे के भविष्य का अंत है।
रोड शो के दौरान नहीं रुका जुलूस
रवि किशन ने आरोप लगाया कि रोड शो के दौरान मची भगदड़ में बच्चा जेसीबी की चपेट में आ गया। इसके बावजूद वाहन नहीं रोका गया और जुलूस आगे बढ़ता रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सड़कें लोगों को कुचलने के लिए बनाई गई हैं? चुनाव जीतने और सत्ता हासिल करने के लिए इस तरह का हुड़दंग और उन्माद उचित नहीं है। सांसद ने इस घटना को गोरखपुर के लिए काला दिन बताते हुए कहा कि पूरे शहर में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री के साथ वह बृहस्पतिवार शाम पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। बच्चे का अंतिम संस्कार राजघाट पर किया गया है और मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
आजम खान की रिहाई से राजनीति पर असर नहीं
सपा नेता आजम खान की जेल से रिहाई को लेकर पूछे गए सवाल पर रवि किशन ने कहा कि इससे प्रदेश की राजनीति पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास और पारदर्शिता की राजनीति हो रही है। डिजिटल इंडिया के दौर में जनता पहले से अधिक जागरूक हो चुकी है।
पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद का भरोसा
परिवार को मुआवजा दिए जाने के सवाल पर भाजपा सांसद ने कहा कि किसी बच्चे की मौत की भरपाई मुआवजे से नहीं की जा सकती। बच्चे का कोई मोल नहीं होता। सरकार की ओर से पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री स्वयं परिवार से मिलने जा रहे हैं और वह भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
