नई दिल्ली। दिल्ली के लाजपत नगर-II स्थित जी-5 बिल्डिंग में गुरुवार को अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल कर्मचारी को सफदरजंग अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। पुलिस के मुताबिक, लाजपत नगर-II की जी-5 बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इस दौरान इमारत में कुछ लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एक कर्मचारी की मौत, दूसरा गंभीर
हादसे में गौरव नाम के कर्मचारी को बेसमेंट से रेस्क्यू कर सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रेम सिंह शर्मा नाम के दूसरे कर्मचारी को जलने की गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
बेसमेंट में चल रहा था वेल्डिंग का काम
पुलिस के अनुसार, चार मंजिला इमारत के बेसमेंट में मिलान क्राफ्ट वर्क्स नाम का कार्यालय और मीडिया हाउस संचालित होता है। इसका संचालन बिल्डिंग मालिक द्वारा किया जाता है। इमारत की ऊपरी मंजिलों पर मालिक के रिश्तेदार और अन्य लोग रहते हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग लगने के समय बेसमेंट में आग से बचाव के उपकरण लगाने के सिलसिले में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इस दौरान दो श्रमिक वेल्डिंग कार्य में लगे हुए थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आग से सुरक्षा उपकरण लगाने वाले श्रमिकों की आपूर्ति करने वाले ठेकेदार को भी पूछताछ और आगे की जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
