गोरखपुर। उत्तर प्रदेश को जल्द ही अपना पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र में 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले इस विश्वविद्यालय का भूमिपूजन करेंगे। 123 एकड़ से अधिक भूमि पर इसका निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में वन संपदा और औद्यानिकी की संभावनाओं का सही उपयोग नहीं हो पाया। किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार देने और प्रदेश के विकास में इन क्षेत्रों को जोड़ने के लिए स्पष्ट नीति और दूरदृष्टि का अभाव था। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने इन संभावनाओं को पहचानकर शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से विकास का नया रास्ता तैयार किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, विश्वविद्यालय के भूमिपूजन के साथ ही क्षेत्र में 792 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
सरकार का लक्ष्य प्रदेश की प्राकृतिक संपदा को जनसमृद्धि का आधार बनाना है। इस विश्वविद्यालय के माध्यम से वानिकी और औद्यानिकी के क्षेत्र में शिक्षा, शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही किसानों और युवाओं के लिए नए अवसर भी विकसित होंगे।
