नई दिल्ली। यमुना नदी में प्रदूषण की गंभीर स्थिति एक नई शोध रिपोर्ट में सामने आई है। दिल्ली विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं की स्टडी में नदी के पानी में 321 रासायनिक यौगिकों की पहचान की गई है। इनमें से 36 रसायन स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए खतरनाक श्रेणी में शामिल हैं। पानी में दवाओं के अवशेष, कीटनाशक और औद्योगिक रसायन भी पाए गए हैं। ‘जर्नल ऑफ हैजार्डस मैटेरियल्स एडवांसेज’ में प्रकाशित इस अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने पल्ला से असगरपुर तक यमुना के 48.8 किलोमीटर क्षेत्र में आठ स्थानों से पानी के नमूने लिए। जांच में ऐसे रसायन मिले, जो कैंसर, प्रजनन क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव, विषाक्तता और जलीय जीवों के लिए नुकसानदायक श्रेणियों से जुड़े हैं।
माइक्रोप्लास्टिक के 2,289 कण मिले
शोध के दौरान यमुना के पानी में माइक्रोप्लास्टिक के 2,289 कण पाए गए। इनकी औसत मात्रा 3.18 कण प्रति लीटर दर्ज की गई। सबसे अधिक माइक्रोप्लास्टिक बैराज के आसपास मिला, जबकि पल्ला के कृषि और वन क्षेत्र में इसकी मात्रा सबसे कम रही। इनमें 44.1 प्रतिशत पॉलीथीन और 27.3 प्रतिशत पॉलीप्रोपलीन शामिल था।
दवाओं और कीटनाशकों के अवशेष भी मौजूद
अध्ययन में 50 ऐसे रासायनिक यौगिक मिले, जो कम से कम चार नमूना स्थलों पर मौजूद थे। इनमें सात रसायन सभी आठ स्थानों पर पाए गए। 2-नेफ्थाइलामाइन, लिडोकेन और मोनोब्यूटाइल फथलेट के अलावा एटोमॉक्सेटिन, डोमपेरिडोन और टेल्मिसार्टन जैसी दवाओं के अवशेष भी मिले। वहीं, डाइयूरॉन और थियामेथोक्साम जैसे कृषि रसायनों की मौजूदगी भी सामने आई।
22 नालों से नदी में पहुंच रहा प्रदूषण
अध्ययन के सह-लेखक और दिल्ली विश्वविद्यालय के पर्यावरण अध्ययन विभाग के प्रमुख राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, यमुना के प्रदूषण को केवल माइक्रोप्लास्टिक के नजरिये से देखना पर्याप्त नहीं है। नदी में मौजूद विभिन्न रासायनिक पदार्थों के मिश्रण की भी जांच जरूरी है। उन्होंने बताया कि 22 सहायक नालों के जरिए सीवेज, कृषि गतिविधियों का बहाव और औद्योगिक कचरा नदी में पहुंच रहा है। प्रदूषण कम करने के लिए नदी किनारे हरियाली बढ़ाने और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की जरूरत है।
खतरनाक रसायन मिलने का मतलब बीमारी होना नहीं
शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि पानी में खतरनाक श्रेणी के रसायनों की मौजूदगी का अर्थ यह नहीं है कि उनसे लोगों को निश्चित रूप से स्वास्थ्य संबंधी नुकसान हो रहा है। वास्तविक खतरे का आकलन करने के लिए रसायनों की सांद्रता, संपर्क की अवधि और उनके प्रभावों का विस्तृत परीक्षण जरूरी है।
यमुना के झाग पर भी हो रहा अध्ययन
दिल्ली सरकार छठ पूजा के दौरान यमुना में बनने वाले झाग की समस्या को लेकर भी अध्ययन करा रही है। इसके लिए रुड़की स्थित सिंचाई अनुसंधान संस्थान (आईआरआई) की मदद ली जा रही है। इसमें झाग बनने के कारणों और उसे कम करने के उपायों पर काम किया जा रहा है। नई स्टडी से साफ है कि यमुना की सफाई के लिए केवल झाग और दिखाई देने वाले कचरे को हटाना काफी नहीं है, बल्कि पानी में मौजूद अदृश्य रासायनिक प्रदूषण पर भी नियंत्रण जरूरी है।
