कांग्रेस प्रवक्ताओं सहित पार्टी का एक वर्ग लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान का बचाव कर रहा है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के अवसर पर जो कुछ कहा, वह उनके माता-पिता के बीच प्रेम की सहज अभिव्यक्ति है। इसे तुच्छ राजनीतिक नजरिये से देखने के बजाय पारिवारिक संदर्भ में देखा जाना चाहिए। सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ को आत्मकथा के रूप में पुस्तक की बिक्री के लिहाज से सफल माना जा सकता है। किसी किताब की दो लाख से अधिक प्रतियों का लगभग एक सप्ताह में बिक जाना इसकी पुष्टि करता है। आत्मकथा के विमोचन के अवसर पर राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ा बचपन का एक ऐसा संस्मरण साझा किया, जिसने किताब पर चल रही चर्चा और विवाद से कहीं ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। भाजपा ने इसी बयान को आधार बनाकर राहुल गांधी की नेता के तौर पर परिपक्वता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए जबकि कांग्रेस लगातार इसका बचाव कर रही है। राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के वैवाहिक जीवन से जुड़ी बचपन की एक याद साझा की। अंग्रेजी में बात करते हुए अपने संस्मरण में उन्होंने बताया कि उनके घर में भोजन के समय पिता मौजूद होते थे और मां उनकी गोद में बैठी होती थीं। राहुल के मुताबिक, बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था। लेकिन जब वह दोस्तों के घर जाते और वहां उनके माता-पिता को इस तरह नहीं देखते, तो उन्हें आश्चर्य होता था कि दूसरे घरों में ऐसा क्यों नहीं होता। राहुल गांधी ने यह भी बताया कि उन्होंने और प्रियंका गांधी ने अपने माता-पिता को जीवन में सिर्फ एक बार झगड़ते देखा था। उनके लिए यह स्मृति उस पारिवारिक प्रेम और आत्मीयता का प्रतीक थी, जिसके बीच उनका बचपन गुजरा। सवाल यह है कि पति-पत्नी के बीच स्नेह की एक निजी स्मृति को पुत्र द्वारा सार्वजनिक मंच पर साझा किए जाने से इतना बड़ा राजनीतिक विवाद क्यों पैदा हो गया है? राहुल गांधी अपनी मां की किताब के विमोचन पर अपने माता-पिता के रिश्ते की ऐसी तस्वीर पेश कर रहे थे, जिसे उन्होंने बचपन से देखा और महसूस किया था। इसमें न कोई राजनीतिक आरोप था, न किसी दूसरे व्यक्ति पर टिप्पणी और न ही कोई ऐसा दावा, जिसे सार्वजनिक विवाद पैदा करने के लिए किया गया हो। लेकिन सार्वजनिक जीवन में सक्रिय व्यक्तियों के लिए निजी और सार्वजनिक जीवन के बीच की सीमा हमेशा स्पष्ट नहीं रहती। खासकर तब, जब बात गांधी परिवार की हो, जिसके सदस्यों का निजी जीवन भी दशकों से राजनीतिक विमर्श का हिस्सा रहा है। राहुल गांधी का संस्मरण सुनकर सोनिया गांधी की प्रतिक्रिया भी असहज थी। जाहिर है, समारोह के बाहर इस पर एक गंभीर विवाद खड़ा हो गया। सोनिया गांधी की किताब पहले से ही भाजपा के निशाने पर थी। भाजपा ने आरोप लगाया था कि संस्मरण में आपातकाल और 1984 के सिख विरोधी दंगों जैसे ऐतिहासिक प्रसंगों को इस तरह प्रस्तुत किया गया है, जिससे गांधी परिवार और कांग्रेस की राजनीतिक जिम्मेदारी कम दिखाई दे। भाजपा नेताओं का कहना है कि आपातकाल के संदर्भ में तत्कालीन परिस्थितियों का वर्णन करते हुए आपातकाल लागू करने की पूरी जिम्मेदारी तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के छोटे बेटे संजय गांधी पर डाल दी गई है। सिख विरोधी दंगों के संदर्भ में राजीव गांधी के विवादास्पद बयान का उल्लेख आत्मकथा में नहीं है। परिवार में मेनका गांधी को भी विलेन के तौर पर पेश किया गया है। सीताराम केसरी को कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें अपमानित करके पद से हटाने तथा पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिंह राव के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को कांग्रेस कार्यालय में ले जाने से रोकने जैसे प्रसंग भी आत्मकथा से गायब हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राहुल गांधी पर उसी दिन से हमलावर हैं, जब उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में सोनिया गांधी को संबोधित करते हुए तंज किया कि राहुल गांधी उन्हें उनके विशेष दिन पर भी असहज होने से नहीं बचा सके। उनके बयान में राहुल – गांधी की राजनीतिक शैली पर भी निशाना था।राहुल – गांधी ने अगले दिन भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्थकों की आलोचना का जवाब देते हुए भगवान शिव और माता पार्वती की एक तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा कि भय, गुस्से और नफरत ने कुछ लोगों के मन में ऐसा जाल बना दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। उन्होंने स्वयं को सच्चा हिंदू बताते हुए कहा कि उनका कर्तव्य लोगों को इस जाल से बाहर निकालना है। इस जवाब ने एक और बहस को जन्म दे दिया है। अब मुद्दा केवल माता-पिता के रिश्ते का नहीं रहा, बल्कि प्रेम, भारतीय संस्कृति और धार्मिक प्रतीकों की व्याख्या तक पहुंच गया है।
सोनिया गांधी की किताब, राहुल का संस्मरण और सियासी संग्राम- रंजन श्रीवास्तव
Follow Us
