नौकरी के नाम पर लाखों की वसूली का आरोप, बीजेपी नेत्री संतोषी दुबे परिवार परामर्श केंद्र से हटाई गईं

Follow Us

जांजगीर-चांपा। जिले के महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर की नियुक्तियों को लेकर विवाद सामने आया है। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने और काम नहीं दिलाने की शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बीजेपी नेत्री संतोषी दुबे की काउंसलर पद पर नियुक्ति निरस्त कर दी है। मामले की जांच के लिए दो पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पांच स्थानों पर नौकरी दिलाने का दिया था भरोसा
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी पारस जैन ने शिकायत में आरोप लगाया है कि संतोषी दुबे ने एक एनजीओ के माध्यम से पांच अलग-अलग स्थानों पर काम दिलाने का आश्वासन दिया था। इसके बदले संतोषी दुबे को डेढ़ लाख रुपये और उनके एक सहयोगी को साढ़े तीन लाख रुपये चेक के जरिए दिए गए थे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम लेने के बावजूद न तो संबंधित लोगों को काम दिलाया गया और न ही पैसे वापस किए गए। लंबे समय तक समाधान नहीं मिलने पर पारस जैन ने जांजगीर-चांपा एसपी से शिकायत की।

दो अधिकारियों को सौंपी गई जांच
शिकायत सामने आने के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने संतोषी दुबे को परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटा दिया है। मामले की जांच परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी और अजाक थाना के डीएसपी को सौंपी गई है। अधिकारियों को शिकायत में लगाए गए आरोपों और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

पटवारियों की हड़ताल के बीच धान खरीदी जारी, दो दिनों में 7.62 लाख क्विंटल से अधिक खरीद

एक सप्ताह में दूसरी काउंसलर की नियुक्ति रद्द
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर परिवार परामर्श केंद्र की दूसरी महिला काउंसलर की नियुक्ति निरस्त की गई है। इससे पहले बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य और काउंसलर पूजा राठौर की नियुक्ति भी रद्द की गई थी। उनके खिलाफ रायपुर निवासी एक युवक ने नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने की शिकायत की थी।

लगातार सामने आ रही इन शिकायतों के बाद परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलरों की नियुक्ति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल संतोषी दुबे के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।