रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार तड़के रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में विभिन्न कारोबारी प्रतिष्ठानों और उनसे जुड़े ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कर चोरी की आशंका के आधार पर की जा रही इस कार्रवाई में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से संबंधित फर्मों के कार्यालय एवं अन्य परिसर भी जांच के दायरे में हैं। आज प्राप्त जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की 16 से अधिक टीमों ने सुबह विभिन्न स्थानों पर एक साथ दबिश दी। रायगढ़ में सुबह करीब पांच बजे 12 से 15 अधिकारियों की अलग-अलग टीमें संबंधित प्रतिष्ठानों पर पहुंचीं। यहां बर्बरीक हाउस सहित चार अलग-अलग ठिकानों पर विभागीय कार्रवाई जारी है। इसके अलावा रायगढ़ इस्पात से जुड़े अन्य परिसरों में भी छापेमारी की सूचना है।
https://amritsandesh.com/wanted-lashkar-e-taiba-commander-cornered-in-kulgam-encounter/
बताया जा रहा है कि रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप कारोबारी रूप से एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं तथा दोनों समूह संयुक्त रूप से व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन करते हैं। इसी आधार पर आयकर विभाग की टीमों ने दोनों समूहों से संबंधित फर्मों के ठिकानों को जांच के दायरे में लिया है। विभागीय टीमें संबंधित कंपनियों के कारोबारी दस्तावेजों, लेखा अभिलेखों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। इसके साथ ही व्यावसायिक गतिविधियों और आय-व्यय संबंधी दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है।
कानपुर में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, धमाकों से दहला रूमा औद्योगिक क्षेत्र
रायपुर में भी बर्बरीक कंपनी से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई की सूचना है। वहीं, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में भी विभाग की टीमों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन जिलों में जांच के दायरे में आए सभी प्रतिष्ठानों और परिसरों का विस्तृत विवरण अभी उपलब्ध नहीं हो सका है।
सूत्रों के अनुसार कर चोरी से संबंधित सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन और कारोबारी रिकॉर्ड में संभावित अनियमितताओं की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से छापेमारी, दस्तावेजों की बरामदगी अथवा संभावित कर चोरी की राशि को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने और विभागीय जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई के निष्कर्ष स्पष्ट हो सकेंगे।
