o बिलासपुर में पीएम स्वनिधि महोत्सव, अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स के स्टॉल्स पर चखा स्थानीय व्यंजनों का स्वाद।
बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव मंगलवार को बिलासपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल्स का निरीक्षण किया। उन्होंने स्ट्रीट वेंडर्स से उनके कारोबार, उत्पादों की बिक्री और आमदनी के बारे में जानकारी ली। साथ ही उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया। स्टॉल्स के भ्रमण के दौरान अरुण साव ने अन्य अतिथियों के साथ कुल्हड़ में चाय पी और गुपचुप व छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन फरा का स्वाद भी लिया। उन्होंने अलग-अलग खाद्य उत्पादों और उन्हें तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी ली।
महोत्सव में आयोजित ‘कुल्हड़ पर चौपाल’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री महिला पथ विक्रेताओं से रूबरू हुए। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना से मिलने वाले लाभ, व्यवसाय के अनुभव और आत्मनिर्भर बनने के उनके सफर के बारे में चर्चा की। इस दौरान महिला हितग्राहियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के माध्यम से कुल्हड़ के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और प्लास्टिक के विकल्प के रूप में मिट्टी के बर्तनों को अपनाने का संदेश दिया गया।

