एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, कंट्रोल रूम से लेकर मैदानी स्तर तक रही पुलिस की सतत निगरानी; गंगरेल और मातर मड़ई शांतिपूर्ण संपन्न
धमतरी। धमतरी गंगरेल मड़ई में हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ को देखते हुए धमतरी पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में मेला परिसर, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। भीड़ की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया गया, वहीं कंट्रोल रूम से पूरे आयोजन पर लगातार नजर रखी गई। पुलिस की सतर्कता के चलते गंगरेल मड़ई सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित मातर मड़ई के कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
गंगरेल मड़ई में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसे देखते हुए पुलिस ने मेला परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी।
मेला स्थल पर उमडऩे वाली हजारों की भीड़ पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से वास्तविक समय में निगरानी की गई। इसके माध्यम से मेला परिसर, पार्किंग क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। तकनीकी निगरानी के साथ तैनात पुलिस बल के समन्वय से भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखा गया।
राजीव भवन में कांग्रेसियों ने मनाई पं. जवाहरलाल नेहरू की जयंती
बिछड़े बच्चों को परिजनों से मिलाया
सुरक्षा व्यवस्था के बीच धमतरी पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचय दिया। मेले की भीड़ में कुछ बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए थे। पुलिस जवानों ने तत्काल बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और आवश्यक प्रयास कर उन्हें उनके परिजनों से मिलवाया। बच्चों के वापस मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस की इस पहल की मेला परिसर में मौजूद लोगों ने सराहना की।
कंट्रोल रूम से होती रही निगरानी
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय कंट्रोल रूम के माध्यम से मेला परिसर की सुरक्षा, भीड़ और यातायात व्यवस्था की लगातार समीक्षा करती रहीं। वहीं राजपत्रित अधिकारियों ने मेला स्थल का निरीक्षण कर पेट्रोलिंग के जरिए मैदानी व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों और जवानों के बीच समन्वय बनाकर पूरे आयोजन के दौरान सतत निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
इसी तरह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित मातर मड़ई के दौरान भी पुलिस ने पर्याप्त बल तैनात कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के इंतजाम किए थे। संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस जवानों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग एवं निगरानी की।
पुलिस के अनुसार, व्यापक सुरक्षा प्रबंधन, तकनीकी निगरानी और मैदानी स्तर पर सतर्कता के चलते गंगरेल मड़ई और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित मातर मड़ई के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए। धमतरी पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, सहायता और विश्वास बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
