दुर्ग। दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने गुम मोबाइल फोन की तलाश में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने CEIR पोर्टल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से करीब 40 लाख रुपये कीमत के 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शनिवार को एसएसपी विजय अग्रवाल ने मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024, 2025 और 2026 में गुम हुए मोबाइल की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। ACCU और जिले के अलग-अलग थानों की संयुक्त टीम ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से मोबाइल की जानकारी जुटाई और तकनीकी विश्लेषण कर उनकी लोकेशन का पता लगाया।
इस कार्रवाई में दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और बिहार से भी गुम मोबाइल खोजकर वापस लाए गए। वास्तविक मालिकों की पहचान और पुष्टि के बाद सभी फोन उन्हें लौटा दिए गए। दुर्ग पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में यह सातवीं बड़ी कार्रवाई है। CEIR पोर्टल की मदद से अब तक 1,400 से अधिक गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इस अभियान में ACCU के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें और CEIR की आधिकारिक वेबसाइट www.ceir.gov.in पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल ब्लॉक कराएं। साथ ही मोबाइल में स्क्रीन लॉक और सुरक्षा सुविधाओं का इस्तेमाल करें तथा महत्वपूर्ण डेटा का बैकअप रखें।
इसके अलावा अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध कॉल से बचने की सलाह दी गई है। किसी के साथ OTP या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
