बेमेतरा। जिले के बेमेतरा-दुर्ग मुख्य मार्ग पर ग्राम निनवा के पास शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो लोगों की जान चली गई। मृतक आपस में जीजा-साले थे और एक ही मोटरसाइकिल से दुर्ग की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान ग्राम बाबामोहतरा निवासी केदार जायसवाल (62) और ग्राम जेवरा निवासी गोवर्धन सिन्हा (50) के रूप में हुई है। दोनों बाइक क्रमांक CG 25 H 2397 पर सवार थे। ग्राम निनवा के पास उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों मृतकों के मामले में थाना बेमेतरा में अलग-अलग मर्ग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस के दैनिक प्रतिवेदन के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को दोनों मामलों में मर्ग कायम किया गया। फिलहाल दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। बाइक किसी अन्य वाहन से टकराई थी या हादसे की कोई दूसरी वजह थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
