रायपुर में 32 पथ विक्रेताओं के लिए 4 वेंडिंग जोन तय, जल्द मिलेगा व्यवस्थित स्थान

Follow Us

रायपुर। शहर में पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने कदम उठाया है। जोन क्रमांक 5 के अंतर्गत 32 पथ विक्रेताओं के व्यवस्थापन के लिए चार स्थलों का चयन किया गया है। इस संबंध में नवीन पानी टंकी परिसर स्थित जोन कार्यालय में वेंडिंग जोन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जोन कमिश्नर एवं समिति अध्यक्ष राकेश शर्मा ने की। इसमें बाजार विभाग के अध्यक्ष एवं समिति उपाध्यक्ष अवतार बागल भी शामिल हुए। बैठक में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत पथ विक्रेताओं के सर्वेक्षण, पहचान, वेंडिंग जोन निर्धारण और अधिकार पत्र वितरण को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में क्षेत्र के 10 पथ विक्रेताओं ने हिस्सा लिया, जिनमें पांच महिलाएं शामिल थीं। चयनित स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित वातावरण और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर समिति सदस्य सुमन पाण्डेय, विभिन्न वार्डों के पार्षद, एमआईसी सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, संबंधित क्षेत्र की एसीपी सीमा अहिरवार, थाना प्रभारी और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम जोन क्रमांक 5 द्वारा वेंडिंग जोन प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इससे पथ विक्रेताओं को कारोबार के लिए व्यवस्थित जगह मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।