महासमुंद: खड़े ट्रक में घुसी रोगी वाहन, दो महिलाओं की मौत; तीन गंभीर घायल

Follow Us

महासमुंद। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। बागबाहरा थाना क्षेत्र के देवाशीष विद्यालय के पास मरीज को लेकर ओडिशा जा रही रोगी वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, रोगी वाहन मरीज को उपचार के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और रोगी वाहन ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। घायलों को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।