प्रतिभाओं को तराशने प्रशासन की ऐतिहासिक पहल, ग्रामीण अंचल से लेकर जिला स्तर तक खेल महाकुंभ का आगाज

Follow Us

सुकमा। बस्तर अंचल की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘बस्तर ओलंपिक 2026-27 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान के ध्येय वाक्य के साथ शुरू हो रहा यह खेल महाकुंभ जमीनी स्तर से प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में प्रशासन का एक सराहनीय कदम है।

प्रशासन की इस योजना के तहत युवाओं को मुख्यधारा से जोडऩे और खेल भावना के जरिए क्षेत्र में शांति, विकास व भाईचारे को सुदृढ़ करने का सशक्त प्रयास किया गया है। प्रशासन द्वारा तैयार की गई रूपरेखा के अनुसार प्रतियोगिताओं को क्लस्टर, विकासखंड और जिला स्तर पर सुव्यवस्थित ढंग से विभाजित किया गया है। 16 से 19 नवंबर तक कोण्टा, सुकमा और छिन्दगढ़ विकासखंडों के विभिन्न सेक्टरों (जैसे जगरगुण्डा, दोरनापाल, केरलापाल, गादीरास, तोंगपाल आदि) में प्रारंभिक मुकाबले आयोजित होंगे। इसके पश्चात 20 व 21 नवंबर को कोण्टा एवं छिन्दगढ़ तथा 22 व 23 नवंबर को सुकमा में विकासखंड स्तरीय स्पर्धाएं होंगी। इस महाआयोजन का भव्य जिला स्तरीय मुकाबला 26 एवं 27 नवंबर 2026 को सुकमा के हड़मा स्टेडियम और पुलिस लाइन मैदान में संपन्न होगा, जिसके लिए प्रशासनिक अमले ने सुरक्षा व सुविधाओं के चाक-चौबंद प्रबंध किए हैं।

सिलतरा की इस्पात फैक्ट्री में बड़ा हादसा, 23 वर्षीय कर्मचारी की मौत; 50 लाख मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

सभी आयु वर्ग के खिलाडिय़ों को समान अवसर प्रदान करने के लिए प्रशासन ने इसे जूनियर (14-17 वर्ष) एवं सीनियर (बिना आयु बंधन) दो वर्गों में विभाजित किया है। इस खेल महोत्सव में एथलेटिक्स (दौड़, कूद, थ्रो), पारंपरिक तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल के साथ-साथ महिला सीनियर वर्ग के लिए रस्साकशी को भी शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त हॉकी और वेटलिफ्टिंग जैसे खेलों में खिलाडिय़ों को सीधे जिला स्तर से संभाग स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मार्ग प्रशस्त किया गया है। प्रशासन के इस संवेदनशील और दूरदर्शी कदम से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलेगा, बल्कि बस्तर का नाम भी खेल पटल पर गर्व से चमकेगा।