नदी के बहाव से दौड़ेंगे टरबाइन, बिना बिजली और डीजल के 100 एकड़ खेतों में होगी सिंचाई

Follow Us

जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ में नवाचार आधारित सिंचाई व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में जशपुर जिले ने नई मिसाल पेश की है। कांसाबेल विकासखंड के ग्राम पंचायत पोंगरो में घुघरी नदी पर निर्मित एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पंपिंग सिंचाई योजना पूरी हो चुकी है। सरगुजा संभाग की इस पहली नवाचारी परियोजना का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को अवलोकन किया और अधिकारियों से इसकी तकनीकी व्यवस्था एवं सिंचाई क्षमता की जानकारी ली।

इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा की जरूरत नहीं पड़ेगी। नदी के प्राकृतिक जल प्रवाह से उत्पन्न जल ऊर्जा के जरिए टरबाइन संचालित होगी और उसी की मदद से पानी को ऊंचाई पर बनी वितरण टंकी तक पहुंचाया जाएगा। इस तरह परियोजना को शून्य कार्बन उत्सर्जन आधारित पर्यावरण अनुकूल सिंचाई व्यवस्था के रूप में विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह परियोजना आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे किसानों को कम खर्च में लंबे समय तक सिंचाई की सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे हरित विकास और टिकाऊ कृषि व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि भविष्य में प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों में भी इस तरह की परियोजनाएं उपयोगी साबित हो सकती हैं।

० नदी के बहाव से संचालित होगी पंपिंग व्यवस्था
योजना के तकनीकी क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु के डॉ. पुनीत सिंह ने परामर्श दिया है। परियोजना के तहत पहले से निर्मित एनीकट से लगभग 100 मीटर नीचे की ओर एक प्लेटफॉर्म तैयार कर टरबाइन पंप स्थापित किया गया है। नदी के बहाव से टरबाइन चलती है, जिससे पानी को नदी तल से लगभग 12 मीटर की ऊंचाई तक उठाया जाता है। इसके बाद करीब 200 मीटर दूर बनाई गई वितरण टंकी में अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंचाया जाता है। वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों और नालियों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इससे रबी और ग्रीष्मकालीन जायद फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा।

० 135 किसान परिवारों को मिलेगा फायदा
करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से लगभग 80 एकड़ रबी फसल क्षेत्र सहित ग्रीष्मकालीन जायद फसलों की खेती को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे लगभग 135 किसान परिवार सीधे लाभान्वित होंगे। बारिश पर निर्भर रहने वाले किसानों को अब रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए अतिरिक्त सिंचाई सुविधा मिलने से खेती का दायरा बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
परियोजना का निर्माण जिला प्रशासन जशपुर द्वारा जिला खनिज न्यास निधि, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम और जल संसाधन संभाग जशपुर के तकनीकी सहयोग से किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।