पीएम मोदी के बस्तर दौरे पर सीएम साय ने जताई खुशी, बोले- भय और हिंसा से निकलकर विकास की राह पर बढ़ रहा बस्तर

Follow Us

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जाहिर करते हुए उनका स्वागत किया है। सीएम साय ने कहा कि बस्तर की पावन धरती पर प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ और यहां की जनता के प्रति विशेष स्नेह हमेशा प्रेरणा देता रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री मोदी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में बस्तर अब भय और हिंसा के माहौल से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर बस्तर जाने की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की थी। उन्होंने कहा था कि जिस क्षेत्र में कभी नक्सलियों का आतंक हुआ करता था, वहां अब विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।पीएम मोदी ने अपने संदेश में वीर जवानों के साहस और बलिदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि वह बस्तर पहुंचकर उन जवानों को नमन करेंगे, जिन्होंने देश और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अपना योगदान दिया है।

सीएम साय ने कहा कि दीपावली जैसे पावन अवसर पर प्रधानमंत्री का वीर जवानों के बीच पहुंचना उनके साहस, त्याग और समर्पण का सम्मान है। इससे सुरक्षा बलों के जवानों का मनोबल भी बढ़ेगा।मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके निरंतर स्नेह और मार्गदर्शन की कामना की।