जशपुर। दीपावली पर्व की सुबह जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुनकुरी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सलियाटोली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास सुबह करीब 5 बजे रॉयल बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, रॉयल बस हजारीबाग से यात्रियों को लेकर संबलपुर की ओर जा रही थी। वहीं दूसरी ओर से ट्रक जशपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान सलियाटोली के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
इस भीषण हादसे में राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। टक्कर के बावजूद सभी यात्री सुरक्षित रहे।
