आरंग। आरंग-भिलाई मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव रखकर चम्पारण रोड पर चक्काजाम कर दिया और परिवार के लिए मुआवजे के साथ सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई। जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। मृतक की पहचान मनोज धीवर (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज सुबह नहाने के लिए जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों की मांग है कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के साथ सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। हादसे की सूचना मिलने पर आरंग तहसीलदार और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
