बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में धनतेरस के दिन एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से झुलस गईं। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, घटना नेहरू चौक की है। यहां एक मकान के बेहद करीब से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। बताया जा रहा है कि राकेश गुप्ता सबसे पहले बिजली की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी करंट की चपेट में आ गए।
हादसे में राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, मकान के इतने करीब से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
