मातृभूमि’ का नया गाना ‘ब्यूटी’ रिलीज, 11 साल बाद सलमान खान ने दी अपनी आवाज

Follow Us

सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का नया गाना ‘ब्यूटी’ रिलीज हो गया है। इस गाने को खुद सलमान खान ने अपनी आवाज दी है। गाने में भाईजान के साथ चित्रांगदा सिंह स्क्रीन शेयर करती नजर आ रही हैं। इस ट्रैक में सलमान की आवाज और चित्रांगदा का ग्लैमरस अंदाज उनकी शानदार केमिस्ट्री के साथ दर्शकों का दिल जीत रहा है।नई जोड़ी के रूप में इस गाने में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की केमिस्ट्री सबसे बड़ी खासियत है। गाने में चित्रांगदा आकर्षक अंदाज में नजर आ रही हैं, वहीं सलमान का खास चार्म और शानदार स्क्रीन प्रेजेंस इस जोड़ी को देखने लायक बनाता है।

‘ब्यूटी’ गाने को साजिद खान ने संगीत देने के साथ इसके बोल भी लिखे हैं, जबकि इसकी कोरियोग्राफी सीजर गोंजाल्विस ने की है। सलमान की आवाज, आकर्षक संगीत और शानदार प्रस्तुति गाने को मनोरंजक बनाती है। बता दें कि सलमान ने साल 2015 में फिल्म ‘हीरो’ के टाइटल सॉन्ग को अपनी आवाज दी थी। अब 11 साल बाद किसी फिल्म के लिए उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग की है।

अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है। यह फिल्म सैनिकों की कहानी पर आधारित है। इसका फर्स्ट लुक और टीजर सामने आने के बाद से ही फिल्म चर्चा में है। दर्शकों को इसका बेसब्री से इंतजार है, हालांकि अभी तक नई रिलीज डेट का एलान नहीं किया गया है।इसके अलावा सलमान खान की एक और फिल्म ‘एसवीसी63’ भी चर्चा में है। इसका निर्देशन साउथ फिल्म निर्देशक वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं। यह एक मास एक्शन फिल्म बताई जा रही है, जिसमें सलमान खान का अलग एक्शन अवतार देखने को मिलेगा। फिलहाल फिल्म पर काम जारी है।