महिला वर्ग बैडमिंटन में प्रगति कॉलेज चैंपियन,
पुरुष वर्ग में यूटीडी का दबदबा
महिला फाइनल में प्रगति कॉलेज ने दु.ब. महिला कॉलेज को 2-0 से हराया,
रायपुर। उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में प्रगति कॉलेज रायपुर में आयोजित सेक्टर स्तरीय अंतरमहाविद्यालयीन बैडमिंटन प्रतियोगिता का खिताब महिला वर्ग में मेजबान प्रगति कॉलेज और पुरुष वर्ग में यूटीडी रायपुर ने जीता। दोनों फाइनल मुकाबले एकतरफा रहे। अब रायपुर सेक्टर की चयनित टीमें 13 और 14 नवंबर को शासकीय पीजी कॉलेज सूरजपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। दूसरे दिन के मुकाबलों में यूटीडी ने शासकीय पीजी कॉलेज कुरूद को 3-0 से हराया।
विप्र कॉलेज ने राजीव लोचन कॉलेज को 3-1 से, नेताजी सुभाष कॉलेज अभनपुर ने शासकीय छत्तीसगढ़ कॉलेज को 3-0 से और प्रगति कॉलेज ने मैक कॉलेज को 3-0 से हराया। पहले सेमीफाइनल में यूटीडी ने विप्र कॉलेज को 3-1 से हराया, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में नेताजी सुभाष अभनपुर ने प्रगति कॉलेज को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराया। फाइनल में यूटीडी ने नेताजी सुभाष कॉलेज अभनपुर को 3-0 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा किया। पहले सेमीफाइनल में शासकीय दु.ब. महिला कॉलेज ने UTD को 2-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में प्रगति कॉलेज ने दिशा कॉलेज को 2-0 से हराया।
अग्निपथ योजना में बड़ा बदलाव, अग्निवीरों का कार्यकाल 2 साल बढ़ा
फाइनल में प्रगति कॉलेज ने शासकीय दु.ब. महिला कॉलेज को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर खिताब जीता।इस अवसर पर क्रीड़ाधिकारी रूपेंद्र चौहान, प्रकाश चंद्रवंशी, डॉ. कर्मिष्ठ सम्भरकर, प्यारेलाल, विजय शर्मा, विरेंद्र जागंडे, ललित कुर्रे, कोमल वर्मा, तुलाराम सहित प्रगति कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. आशीष श्रीवास्तव, भरत साहू, भुनेश्वर यादव उपस्थित थे। जानकारी स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. आदर्श मिश्रा ने दी।
स्टार खिलाड़ी
महिला वर्ग में प्रगति कॉलेज की तिष्या, मुक्ता और राखी साहू ने शानदार खेल दिखाया। पुरुष वर्ग में प्रगति कॉलेज के दिव्यांश जोशी और UTD के तन्मय व पुष्पेंद्र का प्रदर्शन सराहनीय रहा।

