मंदिर में दोनों हाथ उठाकर बैठा मिला आरोपी, पुलिस ने हिरासत में लिया; वैवाहिक विवाद में हत्या की आशंका

Follow Us

पत्नी की हत्या कर कटा सिर लेकर इलाके में घूमता रहा पति

दक्षिण दिनाजपुर। पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जिले के गंगारामपुर शहर के नारायणपुर इलाके के वार्ड नंबर चार में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति अपनी पत्नी का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर इलाके में घूमता रहा। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना के बाद आरोपी को एक मंदिर में दोनों हाथ ऊपर उठाकर बैठे हुए देखा गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गंगारामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला का शव बरामद कर कब्जे में लिया और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने मृतका की पहचान कर ली है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे वैवाहिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। गंगारामपुर उपमंडल के पुलिस अधिकारी सुभोतोष सरकार ने बताया कि गंगारामपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर चार में यह घटना हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक महिला का शव बरामद किया और एक युवक को हिरासत में लिया है। गंगारामपुर थाना पुलिस ने घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

दिवंगत अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल हुए अरुण वोरा, परिजनों से मिलकर व्यक्त की संवेदनाएं

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पहले सरकारी बस सेवा में परिचालक के रूप में काम करता था। हालांकि, एक घटना के बाद उसने नौकरी छोड़ दी थी। इलाके के एक व्यक्ति ने बताया कि आरोपी के इस तरह का कदम उठाने की वजह किसी को समझ में नहीं आ रही है। उसके अनुसार, पिता की मृत्यु के बाद आरोपी की धार्मिक गतिविधियों में रुचि काफी बढ़ गई थी और उसके व्यवहार में भी बदलाव आया था।

स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर मंदिर के सामने दिखाई दिया था। इस जघन्य वारदात से इलाके के लोग भयभीत हैं। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।