कवर्धा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले की दो विभूतियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य अलंकरण से सम्मानित किया गया। नवा रायपुर में 3 नवंबर को आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय तथा किसान पुन्नी भट्ट को सम्मान प्रदान किया।
ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में योगदान के लिए सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय को छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की ओर से चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय पर्यटन स्थलों की पहचान और उनके विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने में उनके प्रयासों को इस सम्मान के माध्यम से मान्यता दी गई। वहीं, कबीरधाम जिले के ग्राम बरबसपुर, कवर्धा निवासी किसान पुन्नी भट्ट को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया।
दोनों विभूतियों को राज्य स्तर पर सम्मान मिलने पर कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। इन सम्मानों से कबीरधाम की उपलब्धियों को प्रदेश स्तर पर पहचान मिली है। साथ ही जिले के अन्य लोगों को भी अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने और समाज के विकास में योगदान देने की प्रेरणा मिलेगी।
