रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने से पहले कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों से है। मुख्यमंत्री ने महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले और अमित जोगी के बयान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर को विदेश से भारत लाया गया है और पूछताछ के दौरान कई लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की वापसी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उससे पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है। वहीं, अमित जोगी द्वारा सौरभ चंद्राकर को हीरो बताए जाने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह अमित जोगी की सोच को दर्शाता है और उनके बयान से उनकी मानसिकता का पता चलता है।
कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री का पलटवार
जशपुर में आयोजित पदयात्रा को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे सवालों पर मुख्यमंत्री साय ने पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है। देश में आपातकाल लागू कर गैर-कांग्रेसी नेताओं को जेल में डाला गया और मीडिया की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने का प्रयास किया गया। उन्होंने धारा 356 के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया और कहा कि इसके जरिए जनता द्वारा चुनी गई सरकारों को बर्खास्त किया गया।
चुनाव हारने पर संवैधानिक संस्थाओं पर उठाती है सवाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में हार मिलने पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने लगती है, जबकि जीत हासिल होने पर उसे जनता का जनादेश बताती है। ऐसे में लोकतंत्र की रक्षा की बात करना कांग्रेस के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जशपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
