बीजापुर में विकास की नई राह पर बढ़ता बस्तर, राज्योत्सव में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने गिनाईं उपलब्धियां

Follow Us

बीजापुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित रहा बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिन इलाकों में पहले भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर की पहचान अब गोलियों की आवाज से नहीं, बल्कि विकास, खुशहाली और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से होनी चाहिए।

बीजापुर प्रवास के दौरान मंत्री ने कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर स्थित एफओबी ताड़पाला पहुंचकर सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने जवानों के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में उनकी मेहनत और स्थानीय लोगों के सहयोग से शांति एवं विकास की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर तिरंगा फहराना सुरक्षा बलों के शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने दूरस्थ गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, संचार और रोजगार जैसी सुविधाएं पहुंचाने पर भी जोर दिया।

कर्रेगुट्टा क्षेत्र में निर्माण और विकास कार्यों में योगदान देने वाले श्रमिकों को मंत्री ने सम्मानित किया। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। राज्योत्सव के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के गठन के बाद कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, तकनीकी शिक्षा और अधोसंरचना के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

मिनी स्टेडियम में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्थानीय कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकगीत और पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं, जिनकी मंत्री ने सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति और लोकपरंपराओं का संरक्षण जरूरी है। कार्यक्रम में कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधि और अन्य अतिथि उपस्थित रहे।