अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी जिलेवासियों को दी गई। इसमें महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रयासों को प्रदर्शित किया गया।
महिला सशक्तिकरण के तहत महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर साल 12 हजार रुपये की सहायता और अब तक 20,708 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित किए जाने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्व-सहायता समूहों के माध्यम से 13.96 लाख महिलाओं के लखपति दीदी बनने, पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत छूट और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 39.73 लाख महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की जानकारी भी साझा की गई।
किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए संचालित योजनाओं में कृषक उन्नति योजना के तहत 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा के अनुसार 1.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित किए जाने का उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से 26 लाख किसानों को मिल रहे लाभ, भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता और तेंदूपत्ता संग्रहण दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने की जानकारी भी प्रदर्शनी में शामिल रही।
आवास और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 24.54 लाख से अधिक आवास स्वीकृत होने और 20.75 लाख आवासों का निर्माण पूरा होने की उपलब्धि बताई गई। जल जीवन मिशन के तहत 41.50 लाख घरों तक पेयजल पहुंचाने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में सोलर रूफटॉप लगाने पर 1.12 लाख रुपये तक की सब्सिडी की जानकारी दी गई।
युवाओं और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं में 38 नगरीय निकायों में हाईटेक लाइब्रेरी, स्टार्टअप एवं निपुण मिशन, इनोवेशन हब और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण की पहल प्रदर्शित की गई। एआई प्रशिक्षण के लिए 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों का लक्ष्य रखा गया है। प्रयास आवासीय विद्यालयों के माध्यम से आईआईटी/आईआईआईटी में 136, एनआईटी में 363 और एमबीबीएस में 82 विद्यार्थियों के चयन की जानकारी भी दी गई।
प्रदर्शनी में प्रशासनिक सुधारों, डिजिटल सेवाओं, पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत और औद्योगिक निवेश से जुड़ी उपलब्धियों को भी दर्शाया गया। सेवा सेतु प्लेटफॉर्म पर 38 विभागों की 948 सेवाएं उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री जनमन योजना से 18 जिलों के 1,544 गांवों के परिवारों को लाभ पहुंचाने तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी गई। इसके अलावा 54 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं, 18,215 करोड़ रुपये की 37 सड़क परियोजनाओं और रायपुर-विशाखापट्टनम छह लेन एक्सप्रेस-वे का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के तहत 815 गांवों को लाभ पहुंचाने और बस्तर-सरगुजा के 106 चयनित मार्गों पर बस संचालन की जानकारी भी साझा की गई। प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के प्रति जागरूक करना रहा।

