नारायणपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव और नारायणपुर जिले के प्रभारी सचिव भीम सिंह ने अबूझमाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही तीन सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों का पालन करने, सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच करने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आकाबेड़ा से कलमानार तक 7.3 किलोमीटर, कस्तूरमेटा से हिकपाड़ तक 2.5 किलोमीटर और कुकड़ाझोर से ताड़ोनार तक 1.15 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण की प्रगति देखी गई। इन तीनों मार्गों की कुल लंबाई 10.95 किलोमीटर है। इनके निर्माण से दूरस्थ गांवों का सड़क संपर्क बेहतर होगा और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार तथा अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
दौरे के दौरान भीम सिंह ने स्थानीय निवासी मंतूराम गोटा से बातचीत कर गांव की आबादी, परिवारों की संख्या और बसाहट की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों की योजना बनाते समय स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रामीणों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने ताड़ोनार गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही नीलकंठ यादव के नवनिर्मित घर का भी अवलोकन किया। पीएम जनमन के तहत पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम जनमन और वीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। इस दौरान कलेक्टर नम्रता जैन, पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता के.के. कटारे, जिला पंचायत सीईओ चित्रकांत चाली ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

