छत्तीसगढ़ में 3 और 4 नवंबर को भारी बारिश की संभावना, रायपुर समेत कई जिलों में बदलेगा मौसम

Follow Us

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहे मौसमी सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम बदलने के संकेत हैं। समुद्र में बना अवदाब लगातार मजबूत हो रहा है और अगले 24 घंटे में इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 3 और 4 नवंबर को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं। इस बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंडक बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक समुद्र में बन रहे सिस्टम की दिशा, गति और तीव्रता पर नजर रख रहे हैं। इसके आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंचने के बाद बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है।

संभावित खराब मौसम को देखते हुए किसानों को खेतों में कटाई के लिए तैयार धान और खुले में रखी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। वहीं, आम नागरिकों से तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने तथा खुले स्थानों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है।