बीजापुर। बीजापुर से रायपुर-दुर्ग जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई है। इस हादसे में अब तक 5 लोगों के मौत की खबर सामने आई है। इतना ही नहीं हादसे में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। यह भीषण सड़क हादसा नेलसनार थाना क्षेत्र में हुआ है।
कैसे हुआ भीषण सड़क हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, बीजापुर से रायपुर-दुर्ग जा रही मनीष यात्री बस शनिवार को भैरमगढ़ के पास बांगापाल में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में पांच लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए नेलसनार अस्पताल ले जाया जा रहा है। वहीं, भैरमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी घायलों के उपचार के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट रखा गया है, ताकि घायलों के पहुंचते ही तत्काल उपचार शुरू किया जा सके।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
फिलहाल घायलों को नेलसनार अस्पताल ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के पहुंचते ही इलाज शुरू कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि दुर्घटना नेलसनार थाना क्षेत्र में हुई है। स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मृतकों एवं घायलों की वास्तविक संख्या तथा उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

