बलौदाबाजार। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने जिले में ‘एकता परेड 2026’ के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की है। इसके तहत जिले के सभी थाना-चौकी परिसरों सहित कुल 24 स्थानों पर बड़ी स्क्रीन के माध्यम से गुजरात के एकता नगर में आयोजित परेड का लाइव प्रसारण दिखाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के मार्गदर्शन में की गई इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों तक राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश पहुंचाना है। परेड में आंतरिक सुरक्षा बलों के शौर्य और अनुशासन के साथ विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियों के जरिए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की झलक प्रस्तुत की जा रही है।
जिला मुख्यालय बलौदाबाजार की चौपाटी में भी नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां शाम 5:30 बजे से बड़ी स्क्रीन पर परेड का सीधा प्रसारण दिखाया जा रहा है। इसके अलावा लोग दूरदर्शन के डीडी नेशनल और डीडी न्यूज सहित अन्य प्रमुख राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक मीडिया चैनलों पर भी कार्यक्रम देख सकते हैं।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों, युवाओं और छात्र-छात्राओं से अपने नजदीकी थाना-चौकी परिसर या जिला मुख्यालय की चौपाटी पहुंचकर आयोजन से जुड़ने की अपील की है। साथ ही सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया है।
