दुर्ग। शादी के इच्छुक लोगों को पसंद की लड़की से विवाह कराने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो का सुपेला पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने 24 वर्षीय परमानंद यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ‘कल्याण मैट्रिमोनी’, ‘एलिट मैच मैट्रिमोनी’ और ‘फ्यूचर पार्टनर’ के नाम से फर्जी मैरिज ब्यूरो चला रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोबाइल, सिम कार्ड, कंप्यूटर, बैंक दस्तावेज और नकदी सहित कुल 2 लाख 83 हजार 600 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि सुपेला थाना क्षेत्र के उत्तर गंगोत्री भवन में यूनियन बैंक के पास एक परिसर में ‘एलिट मैच मैट्रिमोनी’ के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। यहां फर्जी सिम और म्यूल बैंक खातों के जरिए लोगों से ऑनलाइन ठगी की जा रही थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी परमानंद यादव के साथ चार युवतियां काम करती मिलीं। तलाशी में 22 कीपैड मोबाइल, चार एंड्रॉयड फोन, 16 सिम कार्ड, कंप्यूटर, वाई-फाई उपकरण, बैंक की चेकबुक, भुगतान के लिए क्यूआर कोड और ग्राहकों की जानकारी दर्ज रजिस्टर बरामद हुए।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी एआई की मदद से तैयार काल्पनिक युवतियों की तस्वीरों और फर्जी मोबाइल नंबरों के जरिए सोशल मीडिया पर शादी के विज्ञापन पोस्ट करता था। दूसरे राज्यों के विवाह इच्छुक लोग संपर्क कर अपना बायोडाटा भेजते थे। इसके बाद उन्हें पसंद की लड़की से शादी कराने का भरोसा देकर मैरिज काउंसलर के नाम से जुड़े बैंक खातों के क्यूआर कोड पर शुरुआती 2 हजार रुपये और अन्य रकम जमा कराई जाती थी। पैसे मिलते ही आरोपी संबंधित लोगों के नंबर ब्लैकलिस्ट कर उनसे संपर्क बंद कर देता था।
पुलिस को मौके पर मिली युवतियों ने बताया कि उन्हें अच्छी कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया गया था। 7 हजार रुपये मासिक वेतन का आश्वासन देकर दो दिन का प्रशिक्षण दिया गया और फिर मैरिज काउंसलर बनाकर ग्राहकों से बातचीत करने तथा क्यूआर कोड के जरिए भुगतान लेने का काम सौंपा गया। प्रारंभिक जांच में आरोपी की यह गतिविधि करीब तीन महीने से संचालित होने की जानकारी मिली है। यहां प्रतिदिन 20 से 50 कॉल किए और प्राप्त किए जाते थे। संबंधित बैंक खातों के खिलाफ समन्वय पोर्टल पर भी शिकायतें दर्ज मिली हैं।
पुलिस ने आरोपी परमानंद यादव, निवासी ग्राम ओटेबंद, थाना नंदनी, अहिवारा और वर्तमान निवासी नेहरू नगर ईस्ट, दुर्ग के खिलाफ सुपेला थाने में अपराध क्रमांक 1630/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2) और 319(2) में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। जब्त सामग्री में 1 लाख 64 हजार रुपये नकद, विभिन्न बैंकों की पासबुक और चेकबुक, 16 सिम कार्ड, 22 कीपैड मोबाइल, चार एंड्रॉयड फोन तथा कंप्यूटर और वाई-फाई उपकरण शामिल हैं।
कार्रवाई में सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर दिखने वाले विवाह संबंधी विज्ञापनों और मैरिज ब्यूरो की विश्वसनीयता जांचने के बाद ही संपर्क करने की अपील की है। पुलिस ने अनजान लोगों को रजिस्ट्रेशन या प्रोफाइल फीस के नाम पर अग्रिम भुगतान न करने और निजी दस्तावेज, बैंक विवरण या ओटीपी साझा न करने की सलाह दी है। ऑनलाइन ठगी होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
