बिलासपुर। चर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड में जिला न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए सभी 22 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है। मामले की सुनवाई और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने यह निर्णय लिया। इसकी जानकारी कपिल त्रिपाठी पक्ष के अधिवक्ता आदित्य तिवारी ने दी। गौरतलब है कि 14 दिसंबर 2022 को सकरी बाइपास पर कुदुदंड निवासी संजू त्रिपाठी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। संजू त्रिपाठी कांग्रेस नेता होने के साथ हिस्ट्रीशीटर भी थे। पुलिस ने शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और जमीन से जुड़ी रंजिश को हत्या की साजिश की वजह बताया था।
जांच के दौरान पुलिस ने संजू त्रिपाठी के भाई कपिल त्रिपाठी को मुख्य आरोपी माना था। इसके बाद उनके पिता जयनारायण त्रिपाठी, पत्नी सुचित्रा त्रिपाठी, मुंहबोली बहन कल्याणी, जीजा भरत तिवारी समेत अन्य रिश्तेदारों और सहयोगियों को भी आरोपी बनाया गया था। मामले में उत्तर प्रदेश के कुछ आरोपियों सहित कुल 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अब जिला न्यायालय के फैसले के बाद सभी आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया गया है।
