चक्रवात ‘अर्नब’ से फसल नुकसान पर किसानों को मिलेगी राहत, CM साय ने कलेक्टरों को दिए सर्वे के निर्देश

Follow Us

रायपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रभावित किसानों को राहत देने में किसी तरह की देरी न हो और जिला प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि प्रभावित इलाकों में फसल क्षति का जल्द आकलन किया जाए। इसके बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानकों के अनुसार पात्र किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सर्वेक्षण से लेकर मुआवजा वितरण तक की प्रक्रिया समय पर पूरी करने पर जोर दिया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों को संकट की स्थिति में समय पर मदद मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि प्रभावित अन्नदाताओं को राहत पाने के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।