०सम्राट नगर निवासी श्री उदय नारायण वर्मा ने 03 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाकर उठाया योजना का लाभ
सुकमा । पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से जिले के नागरिक सौर ऊर्जा को अपनाकर बिजली खर्च में बचत कर रहे हैं। इसी कड़ी में नगर पालिका सुकमा के सम्राट नगर निवासी उदय नारायण वर्मा ने योजना का लाभ लेते हुए अपने घर पर 03 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है।उदय वर्मा ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनके घर में प्रतिदिन लगभग 10 से 11 यूनिट बिजली की खपत होती थी। बिजली की खपत को देखते हुए उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने का निर्णय लिया। घर में 03 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित होने के बाद अब उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि सामान्य दिनों में सोलर पैनल से प्रतिदिन अधिकतम 16 से 17 यूनिट तक बिजली का उत्पादन हो रहा है। हालांकि बारिश के दिनों में धूप कम मिलने के कारण बिजली उत्पादन में कमी आती है, फिर भी योजना से उन्हें काफी लाभ मिल रहा है।
उदय वर्मा ने बताया कि योजना की सबसे अच्छी बात यह है कि यदि किसी महीने बिजली की खपत से अधिक उत्पादन होता है और अतिरिक्त बिजली का उपयोग नहीं हो पाता, तो उसका क्रेडिट बिजली खाते में दर्ज हो जाता है। इसका लाभ अगले महीने बिजली बिल में समायोजन के रूप में मिलता है। इस व्यवस्था से उत्पादित अतिरिक्त बिजली भी उपयोगी साबित हो रही है और परिवार को बिजली खर्च में राहत मिल रही है।
उदय नारायण वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इन वर्षों में राज्य के सभी वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों को लाभान्वित करने के प्रयासों के लिए छत्तीसगढ़ शासन को बधाई एवं धन्यवाद दिया। साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को आम परिवारों के लिए आर्थिक बचत और स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की दिशा में उपयोगी पहल बताया।
