अमलीडीह गार्डन का होगा कायाकल्प, तालाब की सफाई से लेकर टूटी बाउंड्रीवाल और प्रवेश द्वार की होगी मरम्मत

Follow Us

रायपुर। अमलीडीह गार्डन और तालाब की बदहाल स्थिति सुधारने के लिए नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने निरीक्षण किया। इस दौरान अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन 10 की कमिश्नर रुचि शर्मा और क्षेत्रीय पार्षद विनय निर्मलकर मौजूद रहे। कमिश्नर ने तालाब की गंदगी साफ करने, मुख्य प्रवेश द्वार को नए सिरे से तैयार करने, पाथवे के टूटे पेवर ब्लॉक और क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल की मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों की मांग पर गार्डन के कायाकल्प की बात भी कही।

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक भवन की उपयोगिता की जानकारी ली गई। छठ पूजा आयोजन समिति, सीनियर सिटीजन समिति, पर्यावरण प्रेमी संगठन और समाजसेवियों से चर्चा कर स्वच्छता अभियान में सहयोग जारी रखने की अपील की गई। कमिश्नर ने बापू की कुटिया पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध मनोरंजन सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान नेकी की दीवार हटाने, पार्किंग की व्यवस्था करने और गार्डन के भीतर से कूड़ा हटाने की मांग रखी गई।

गार्डन में चौकीदार की व्यवस्था करने की मांग पर कमिश्नर संबित मिश्रा ने सामाजिक संस्थाओं से गार्डन को गोद लेने की पहल करने को कहा। उन्होंने बताया कि गोद लेने वाली संस्था परिसर में प्रचार-प्रसार के लिए बोर्ड और फ्लेक्स भी लगा सकेगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से तालाब, गार्डन और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की।