अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर हमला, बोले—जनता से जुड़े मुद्दों से दूर हो चुकी है पार्टी

Follow Us

रायपुर। दिल्ली में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के आंदोलन पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी की स्थिति अब क्षेत्रीय दल जैसी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का भरोसा संस्थाओं से उठ चुका है और वह सुप्रीम कोर्ट तथा चुनाव आयोग के हलफनामों पर भी सवाल खड़े कर रही है। चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस अराजकता का माहौल बनाने के लिए राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि व्यापारी वर्ग की ओर से आंदोलन का विरोध किया जा रहा है।

भाजपा की ओर से कांग्रेस के दिल्ली आंदोलन को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर चंद्राकर ने कहा कि खड़गे की भाषा की देशभर में आलोचना हुई है। उनके मुताबिक, अब इस मुद्दे को समाप्त कर देना चाहिए और इसे बार-बार उठाने की जरूरत नहीं है। भिलाई में चार करोड़ रुपये नकद पकड़े जाने के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर भी चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। बैज की ओर से नकदी संघ कार्यालय जाने को लेकर किए गए तंज पर उन्होंने सवाल उठाया कि उनके पास इस बात का क्या आधार है कि पैसा नागपुर, दिल्ली या मुंबई भेजा जा रहा था।

चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों से दूर हो गई है और बिना तथ्यों के बयान देकर सुर्खियों में बने रहने की कोशिश कर रही है।