बिलासपुर में बीच सड़क जन्मदिन मनाना पड़ा भारी, आतिशबाजी और रील बनाने के मामले में केस दर्ज

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में रिवर व्यू रोड पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच की। शुरुआत में वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन जांच में घटना बिलासपुर की निकली। पुलिस ने कार के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

वायरल वीडियो में कार की डिक्की खुली दिखाई दे रही है, जिसमें केक और जन्मदिन से जुड़ा टैग रखा हुआ है। कुछ लोग सड़क पर रील बनाते नजर आ रहे हैं, जबकि एक युवक आतिशबाजी की तैयारी करता दिख रहा है। आरोप है कि सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने से यातायात प्रभावित हुआ और दुर्घटना का खतरा बना रहा।

पुलिस के मुताबिक, सरजू बगीचा निवासी अमित साहू ने शिकायत में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब एक बजे वह रिवर व्यू रोड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था। अमित साहू ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। इसके आधार पर पुलिस ने कार नंबर CG-04-NY-1910 के मालिक और चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नायब तहसीलदार विपिन पटेल की पोस्टिंग रायपुर जिले में होने के कारण शुरुआत में वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था। हालांकि, पुलिस जांच में घटना बिलासपुर के रिवर व्यू रोड की निकली।