गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही वनमंडल क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले से रुमगा निवासी करीब 40 वर्षीय केमला प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वन विभाग के डिप्टी रेंजर ने उसे अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जानकारी के अनुसार, केमला प्रसाद जंगली हाथी को करीब से देखने पहुंचा था। इसी दौरान हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के डिप्टी रेंजर ने तत्परता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
वन विभाग के मुताबिक, मरवाही वन परिक्षेत्र में पिछले करीब एक सप्ताह से 53 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जो अब तीन से चार अलग-अलग समूहों में बंट गया है। वर्तमान में कुछ हाथियों की मौजूदगी मटियाडांड परिसर के कक्ष क्रमांक 2000 और 2002 तथा नाका परिसर के कक्ष क्रमांक 2003 में बताई गई है। वन विभाग का अमला हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग के कर्मचारी और हाथी मित्र दल क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं। ग्रामीणों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनके आसपास भीड़ नहीं लगाने की अपील की गई है। विभाग ने हाथियों को घेरने, भगाने या उनके करीब जाने से मना किया है। हाथियों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करने और विभागीय निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
