उप मुख्यमंत्री ने सहसपुर लोहारा में 48 लाख के एसडीएम कार्यालय भवन का किया लोकार्पण

Follow Us

नए भवन से प्रशासनिक कार्यों को मिलेगी गति, नागरिकों को शासकीय सेवाओं में होगी सुविधा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा—जनता के काम समय पर हों, प्रशासन में पारदर्शिता और संवेदनशीलता रहे

कवर्धा। सहसपुर लोहारा में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और नागरिकों को बेहतर शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज 48 लाख रुपए की लागत से एसडीएम कार्यालय नवीन भवन का लोकार्पण किया। नए भवन के शुरू होने से अनुविभागीय स्तर पर प्रशासनिक कार्यों के संचालन को बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में शासकीय सेवाओं की व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और आम नागरिकों को बेहतर शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राजस्व संबंधी मामले सीधे आम जनता से जुड़े होते हैं, इसलिए इनके निराकरण में समयबद्धता और पारदर्शिता बेहद जरूरी है।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि वे स्वयं को जनता का सेवक मानकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनके काम समय पर पूरे हों। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के मैदानी कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार पूरी ईमानदारी से काम कर रही है और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का उद्देश्य है।

दुर्ग के ट्रांसपोर्ट नगर में 1.05 करोड़ की लागत से बनेगी सीसी रोड, मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया भूमिपूजन

उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम सूतियापाठ स्थित मां हिंगलाज माता मंदिर के जीर्णोद्धार और ग्राम मोतिमपुर से मंदिर तक पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 9 करोड़ 47 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और धार्मिक स्थल का विकास होगा। उन्होंने बताया कि कवर्धा में बिलासपुर रोड और रायपुर रोड से शहर के भीतर प्रवेश करने वाले मार्गों पर 54 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही माता विंध्यवासिनी मंदिर और बूढ़ा महादेव मंदिर के विकास पर भी काम किया जा रहा है। महामाया मंदिर चौक से समनापुर तक सड़क चौड़ीकरण निर्माण कार्यों से क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि एसडीएम कार्यालय परिसर में बनाए गए किसान सदन में नागरिकों और किसानों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां टेलीविजन, आरामदायक कुर्सियां, वाटर कूलर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि कार्यालय आने वाले किसानों को इंतजार के दौरान असुविधा न हो। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगरपालिका कवर्धा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं साकम्बरी बोर्ड के सदस्य संतोष पटेल जी, लाला राम साहू, जनपद पंचायत लोहारा की अध्यक्ष दुर्गा ठाकुर, नगरपालिका लोहारा की अध्यक्ष सरिता मिश्रा, जिला पंचायत सभापति मनीराम साहू, नगरपालिका लोहारा के उपाध्यक्ष हेमंत साहू, उमंग पांडे जी, जलेश्वर वर्मा, रेखचंद पटेल, परदेशी पटेल, रवि राजपूत, चंद्रन पटेल और विजय पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी सहित आम नागरिक उपस्थित रहे।