मुंबई। पौराणिक कथाओं पर आधारित फिल्मों के शौकीनों के लिए ‘महावीर कर्ण का टीजऱ जारी कर दिया गया है। निर्देशक रमेश वर्मा इस फिल्म के जरिए महाभारत के महान योद्धा कर्ण की कहानी को बड़े पर्दे पर नए अंदाज में पेश करने जा रहे हैं। रमेश वर्मा इससे पहले रवि तेजा की ‘वीरा, ‘अब्बयिथो अम्मायी और बेल्लमकोंडा श्रीनिवास की ‘राक्षसुडु जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।
फिल्म के टीजऱ की शुरुआत भगवान कृष्ण और कर्ण के बीच संवाद से होती है। कृष्ण, कर्ण से कहते हैं कि यदि वह पांडवों का साथ चुन लें, तो पूरी दुनिया उन्हें राजा के रूप में पूजेगी। इसके बाद टीजऱ में कर्ण के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं की झलक दिखाई जाती है। इसमें ब्रह्मास्त्र, कवच और कुंडल से जुड़े प्रसंगों को भी शामिल किया गया है।
टीजऱ का समापन कर्ण के उस संकल्प को रेखांकित करने वाले संवाद से होता है, जो किसी भी परिस्थिति में अपना वचन निभाने के लिए जाने जाते हैं। कर्ण के शौर्य, संघर्ष और वचनबद्धता को केंद्र में रखकर तैयार किए गए दृश्यों से फिल्म की कहानी के प्रति उत्सुकता बढ़ी है।
फिल्म में धनंजय वर्मा, रोशन, चैतन्य राव और मुरली कृष्ण अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में बड़े सितारों की मौजूदगी सीमित होने के बावजूद निर्देशक रमेश वर्मा ने आधुनिक तकनीक और भव्य दृश्य संयोजन के माध्यम से इसे प्रभावशाली रूप देने की कोशिश की है। टीजऱ में पौराणिक प्रसंगों को बड़े स्तर पर प्रस्तुत करने की झलक मिलती है।
डॉ. जयंतीलाल गाडा के पेन स्टूडियोज के बैनर तले फिल्म प्रस्तुत की जा रही है। इसका निर्माण आरवी स्टूडियोज और नीलाद्री प्रोडक्शंस ने किया है। फिल्म के संवाद मणि ने लिखे हैं। संगीत की जिम्मेदारी ज्ञानी, छायांकन का काम अनित मधादी और संपादन की जिम्मेदारी प्रवीन पुडी ने संभाली है। ‘महावीर कर्ण के टीजऱ के साथ फिल्म की पौराणिक कथा, कर्ण के चरित्र और आधुनिक तकनीक के मेल को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। अब फिल्म की आगे की झलक और प्रदर्शन तिथि को लेकर जानकारी का इंतजार है।

