कांकेर में डीजे संचालकों की बैठक, तेज आवाज और प्रतिबंधित गाने बजाने पर होगी कानूनी कार्रवाई

Follow Us

एसडीओपी, डीएसपी और एसडीएम ने दिए सख्त निर्देश, ध्वनि की तीव्रता और समय सीमा का पालन करने की हिदायत

कांकेर। शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कोतवाली थाना परिसर में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांकेर एसडीओपी हरीश पाटिल, डीएसपी दीपेश बघेल एवं एसडीएम की मौजूदगी में शहर के लगभग 25 डीजे संचालक शामिल हुए। अधिकारियों ने डीजे संचालन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने और आम नागरिकों को होने वाली परेशानी से बचने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि डीजे में अत्यधिक तेज आवाज और प्रेशर मीट का इस्तेमाल नहीं किया जाए। प्रतिबंधित गाने नहीं बजाए जाएं तथा डीजे संचालन के लिए निर्धारित समय सीमा का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। अधिकारियों ने संचालकों को समझाइश देते हुए कहा कि ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए, ताकि ध्वनि प्रदूषण से आम लोगों को परेशानी न हो।

समय पर पहचान और सही जानकारी है सबसे बड़ा बचाव: डॉ. आकांक्षा चिखलीकर

नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
बैठक के दौरान डीजे संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने डीजे संचालकों से अपील की कि वे जिम्मेदारी के साथ अपना व्यवसाय संचालित करें और ध्वनि प्रदूषण रोकने में सहयोग करें। बैठक का उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नियमों के अनुरूप डीजे संचालन सुनिश्चित करना है।