दुर्ग। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर में आवागमन को बेहतर बनाने के लिए 105.85 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 में प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास के तहत यह कार्य कराया जा रहा है। इस दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। बेहतर सड़कें, सुगम आवागमन और नागरिकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में सीसी रोड बनने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी, साथ ही परिवहन गतिविधियों का संचालन भी सुगम होगा। उन्होंने बताया कि दुर्ग शहर में नागरिकों की सुविधाओं को बढ़ाने और जीवन को आसान बनाने के उद्देश्य से आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े विभिन्न कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
